TGT भर्ती में अर्हता को लेकर असमंजस, अभ्यर्थी 4 नवंबर को लखनऊ में करेंगे प्रदर्शन
UP TGT Recruitment 2026: अंग्रेजी विषय के अभ्यर्थियों में पात्रता नियमों को लेकर नाराजगी, अपर शिक्षा निदेशक माध्यमिक को सौंपा ज्ञापन, 4 नवंबर को ईको गार्डन में आंदोलन का ऐलान।
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश में सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (TGT) भर्ती के आवेदन में अर्हता को लेकर अभ्यर्थियों के बीच असमंजस की स्थिति बनी हुई है। इस समस्या को लेकर प्रतियोगी छात्रों ने सोमवार को शिक्षा निदेशालय में अपर शिक्षा निदेशक माध्यमिक कामता राम पाल को ज्ञापन सौंपकर नियमों में स्पष्टता लाने की मांग की।
अभ्यर्थियों का कहना है कि उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से जारी TGT भर्ती 2026 के विज्ञापन एवं संबंधित अर्हता नियमों में अंग्रेजी विषय के अभ्यर्थियों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। इससे बड़ी संख्या में अभ्यर्थी आवेदन की पात्रता को लेकर असमंजस में हैं।
### अंग्रेजी विषय के अभ्यर्थियों की क्या है समस्या?
अभ्यर्थियों के अनुसार, स्नातक स्तर पर अंग्रेजी विषय का दो वर्ष अध्ययन करने वाले अभ्यर्थियों को अंग्रेजी विषय से TGT भर्ती में आवेदन के योग्य माना जा रहा है। हालांकि, वर्तमान में अभ्यर्थियों के बीच इस बात को लेकर भ्रम है कि स्नातक स्तर पर अंग्रेजी विषय का दो वर्ष अध्ययन करने की योग्यता वास्तव में मान्य है या नहीं।
इसके अलावा B.Ed की न्यूनतम निर्धारित अर्हता, स्नातक, बीएड एवं परास्नातक के विषय संयोजन, अलग-अलग विश्वविद्यालयों की अंकतालिकाओं में भिन्नता और विषयवार शैक्षणिक पात्रता को लेकर भी अभ्यर्थियों ने सवाल उठाए हैं।
### 4 नवंबर को लखनऊ में होगा आंदोलन
अभ्यर्थियों ने इन विसंगतियों के समाधान की मांग को लेकर 4 नवंबर 2026 को लखनऊ के ईको गार्डन में सुबह 11 बजे से आंदोलन करने का निर्णय लिया है।
प्रतियोगी छात्र हुंकार मंच की ओर से भी एडीएम सिटी विनय सिंह तथा चयन आयोग के उपसचिव संजय सिंह को इस संबंध में ज्ञापन सौंपा गया है।
अभ्यर्थियों का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए विषयवार शैक्षणिक अर्हता को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाने चाहिए, ताकि पात्र अभ्यर्थी आवेदन करने से वंचित न रह जाएं।
अभ्यर्थियों की प्रमुख मांग है कि TGT भर्ती 2026 में शैक्षणिक योग्यता एवं विषय संयोजन को लेकर स्थिति स्पष्ट की जाए और आवेदन प्रक्रिया में किसी प्रकार का भ्रम न रहे।
إرسال تعليق