शिक्षा की नींव मजबूत करने का प्रयास, प्रदेश के परिषदीय स्कूलों में हर सप्ताह 'रीडिंग डे' से बढ़ेगी पढ़ने की आदत Reading Day

शिक्षा की नींव मजबूत करने का प्रयास, प्रदेश के परिषदीय स्कूलों में हर सप्ताह 'रीडिंग डे' से बढ़ेगी पढ़ने की आदत

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में शिक्षा की नींव मजबूत करने पर जोरदार प्रयास किया जा रहा है। अब परिषदीय विद्यालयों में बच्चों की पढ़ने की आदत विकसित करने के लिए अब हर सप्ताह एक दिन 'रीडिंग डे' मनाया जाएगा।

प्रदेश में कक्षा दो से आठ तक के छात्र-छात्राएं इस दिन लाइब्रेरी में बैठकर पठन-पाठन करेंगे। यह व्यवस्था शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए तैयार किए गए नए शैक्षिक कैलेंडर में लागू की गई है। प्रदेश के परिषदीय, प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, कंपोजिट विद्यालयों के साथ-साथ कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में निर्धारित शैक्षिक कैलेंडर के अनुसार पढ़ाई कराई जाएगी।


अप्रैल से ही इसकी शुरुआत करते हुए पूरे वर्ष के लिए महीनेवार पाठ्यक्रम तय किया गया है, ताकि समयबद्ध तरीके से पढ़ाई पूरी हो सके। इसकी हर माह प्रधानाध्यापक समीक्षा भी करेंगे। बढ़ते स्क्रीन टाइम को देखते हुए बच्चों को मोबाइल और टीवी से दूर रखने के लिए पहल की गई है।
इसके तहत बच्चों को समाचार पत्र पढ़ने की आदत विकसित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रार्थना सभा में रोजाना मुख्य समाचार बच्चों से पढ़वाए जाएंगे। कैलेंडर के मुताबिक, अप्रैल में वार्षिक पाठ्यक्रम का करीब 20 प्रतिशत हिस्सा पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए शिक्षकों को उसी अनुसार पाठ योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।

विद्यालयों में विद्यार्थियों की कम से कम 75 प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया है। इसके लिए स्कूल स्तर पर निगरानी बढ़ाई जाएगी और अभिभावकों से भी सहयोग लिया जाएगा। पिछले वर्ष की तरह इस बार भी गर्मी की छुट्टियों में समर कैंप आयोजित किए जाएंगे। इन कैंपों में बच्चों की रचनात्मकता और सीखने की क्षमता को बढ़ाने पर जोर रहेगा।

Post a Comment

أحدث أقدم