यूपी में सभी अफसरों और कर्मचारियों के लिए नया फरमान जारी, आज और कल 'डिजिटल क्लास' अनिवार्य
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। प्रदेश सरकार ने मिशन कर्मयोगी साधना सप्ताह के तहत प्रदेश के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए 'डिजिटल लर्निंग' अनिवार्य कर दिया है।
मुख्य सचिव एसपी गोयल की ओर से जारी आदेश के अनुसार सात व आठ अप्रैल को शाम चार से छह बजे तक आइजीओटी कर्मयोगी पोर्टल पर निर्धारित कोर्स पूरे करने होंगे।
शासनादेश में स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि इस दौरान किसी भी प्रकार की बैठक या कोई अन्य कार्य निर्धारित न किए जाएं, ताकि सभी कार्मिक प्रशिक्षण पूरा कर सकें। यह कार्यक्रम दो से आठ अप्रैल तक चल रहे मिशन कर्मयोगी साधना सप्ताह का हिस्सा है।
इसका उद्देश्य सरकारी कर्मचारियों की कार्यकुशलता और क्षमता को बढ़ाना है। प्रदेश सरकार ने विशेष रूप से एआइ (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) से जुड़े कोर्स पर जोर दिया है।
कर्मचारियों को कम से कम तीन एआइ कोर्स पूरे कर "एआइ दक्ष" बैज हासिल करने के लिए प्रेरित किया गया है। इसके साथ ही आइजीओटी मार्केटप्लेस पर उपलब्ध एडवांस लेवल के कम से कम एक कोर्स को पूरा कर "कर्मयोगी उत्कृष्ट" बैज प्राप्त करने की अपेक्षा भी की गई है।
प्रदेश मुख्यालय से लेकर मंडल और जिला स्तर तक तैनात सभी अधिकारियों और कर्मचारियों (आवश्यक सेवाओं को छोड़कर) को इस आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। सरकार का मानना है कि इस पहल से प्रशासनिक कार्यप्रणाली में तकनीकी दक्षता और पारदर्शिता को नई गति मिलेगी।
إرسال تعليق