गाजीपुर में 1352 पदों पर आंगनबाड़ी सहायिका की भर्ती प्रक्रिया शुरू, मेरिट लिस्ट हो रही तैयार
जागरण संवाददाता, गाजीपुर। आंगनबाड़ी सहायिका के लिए 1352 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिला कार्यक्रम ऑफिस के वर्षों से जमे कई मठाधीश बाबुओं व सीडीपीओ को इस काम में लगाया गया है।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की भर्ती में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी को देखते हुए इस बार भी विभागीय बाबुओं के स्तर पर तैयार की जा रही मेरिट लिस्ट लीक होने से इंकार नहीं किया जा सकता है।
प्रदेश के दूसरे जिलों में आंगनबाड़ी सहायिका की भर्ती प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। जनपद में ही लेट हुआ है। यहां तैनात रहे डीपीओ पवन यादव को विभागीय कार्यों में लापरवाही पर शासन ने वाराणसी मंडलायुक्त कार्यालय से अटैच कर दिया था।
शासन से उनके स्थान पर किसी विभागीय अधिकारी को तैनाती नहीं की गई। जिला स्तर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय सोनी को जिला कार्यक्रम अधिकारी का प्रभार दिया गया है।
उधर, सीआरओ आयुष चौधरी की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय कमेटी गठित है। हालांकि कमेटी से पहले डीपीओ आफिस के तीन से चार बाबुओं को आवेदन पत्रों को वरिष्ठता क्रम में करने की जिम्मेदारी दी गई है। इनके साथ कुछ सीडीपीओ को लगाया गया है।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की भर्ती में बड़े पैमाने पर हुई थी धांधली
इससे पहले आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के पदों पर हुई भर्ती प्रक्रिया के दौरान बड़े पैमाने पर सेंधमारी हुई थी। सीडीओ की अध्यक्षता में गठित कमेटी में कई अपात्रों का चयन किया गया था। सीडीओ के स्टेनो की बेटी, उसके रिश्तेदारों सहित कई रसूखदारों का भी इस पद पर चयन हो गया था।
दैनिक जागरण में खबर प्रकाशित होने के बाद तत्कालीन डीएम आर्यका अखौरी ने सीडीओ के स्टेनो को हटाकर ब्लाक पर तैनाती दे दी थी। इसके साथ ही जखनियां व सैदपुर ब्लाक में फर्जी आय प्रमाण पत्र जारी करने के आरोपित 14 लेखपालों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई थी। साथ ही जिन अपात्रों का चयन किया गया था, उन्होंने इस्तीफा दे दिया था।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की भर्ती के दौरान एसडीएम ज्योति चौरसिया पर डीपीओ का प्रभार था। अब जिला प्रोबेशन अधिकारी पर प्रभार है। ऐसे में इस बार भी सेंधमारी से इंकार नहीं किया जा सकता है।
आंगनबाड़ी सहायिका की भर्ती की प्रक्रिया के लिए कमेटी बनाई गई है। पूरी ईमानदारी से सभी भर्ती प्रक्रिया को पूरा किया जा रहा है। -संजय सोनी, प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी।
إرسال تعليق