TGT भर्ती परीक्षा-2022 को लेकर आया बड़ा अपडेट, 36 जिलों में परीक्षा कराएगा UPESSC

TGT भर्ती परीक्षा-2022 को लेकर आया बड़ा अपडेट, 36 जिलों में परीक्षा कराएगा उपेएसएससी

राज्य ब्यूरो, जागरण, प्रयागराज। प्रवक्ता संवर्ग (पीजीटी) परीक्षा-2022 के आयोजन को अंतिम रूप देने के साथ उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने लंबित प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) भर्ती परीक्षा के आयोजन की भी तैयारी तेज कर दी है।

3539 पदों की इस परीक्षा के लिए वर्ष 2022 में विज्ञापन जारी कर आवेदन लिए गए थे, लेकिन पांच बार तिथि घोषित किए जाने के बावजूद परीक्षा नहीं कराई जा सकी। इसके लिए करीब 8.68 लाख अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन आवेदन किए थे।


शिक्षा सेवा चयन आयोग ने यह परीक्षा सभी 18 मंडल मुख्यालय के जिलों के साथ-साथ मंडल के ही एक और जिले में केंद्र बनाने का निर्णय लिया है। टीजीटी में 15 विषयों के लिए 8.68 लाख अभ्यर्थियों के आवेदन शिक्षा सेवा चयन आयोग को प्राप्त हुए हैं।

अधिक संख्या को देखते हुए हर मंडल में दो जिलों में परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे। परीक्षा आयोजन की तिथि शिक्षा सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार 20 जनवरी को हुई आयोग की बैठक में निश्चित कर चुके हैं।

उप सचिव संजय कुमार सिंह के अनुसार मंडल मुख्यालय के जिले के अलावा दूसरा जिला आवेदकों के पता के आधार पर उनकी संख्या तथा उस जिले में परीक्षा केंद्र की उपलब्धता को देखते हुए निश्चित किया जाएगा।

हालांकि आयोग ने सभी 75 जिलों के परीक्षा केंद्रों की सूची मांगी है। परीक्षा से करीब 10 दिन पहले परीक्षा केंद्र के जनपदों की सूचना आयोग की वेबसाइट पर जारी की जाएगी।

Post a Comment

أحدث أقدم