चंदौली में परिषदीय स्कूलों में कम नामांकन होने पर 79 प्रधानाध्यापकों को नोटिस, जिले में 40 हजार प्रवेश का लक्ष्य
जागरण संवाददाता, चंदौली। जिले में संचालित होने वाले परिषदीय विद्यालयों में कम नामांकन वाले (प्रेरणा पोर्टल के मुताबिक) 79 विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं होने पर कार्रवाई की जाएगी। जिले में 1185 परिषदीय विद्यालय संचालित हैं।
अभियान चलाकर चालीस हजार नामांकन करने का लक्ष्य रखा गया था। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने नामांकन की समीक्षा की जिसमें जिले के कई परिषदीय प्राथमिक, उच्च प्राथमिक व कंपोजिट विद्यालयों में नामांकन अभी तक लक्ष्य से कम पाया गया। बताया कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिले में संचालित 1185 परिषदीय विद्यालयों में अब तक 1.83 लाख बच्चे पंजीकृत है। शिक्षण सत्र शुरू होने के बाद स्कूल चलो अभियान चलाया गया।
अभियान के तहत चालीस हजार नए बच्चों का प्रवेश कराने का लक्ष्य रखा गया था। तमाम कोशिश के बाद भी लक्ष्य पूरा नहीं हो सका है। अधिसंख्य स्कूलों में बच्चों की संख्या भी बहुत कम है। बेसिक शिक्षा अधिकारी ने लापरवाह शिक्षकों को चेतावनी दी है।
अमान्य विद्यालयों की कट रही चांदी
जिले में अमान्य विद्यालयों की चांदी कट रही है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी की ओर से शुरूआत में कई विद्यालयों की जांच की थी। जांच में व्यापक स्तर पर गड़बड़ी मिली थी।
नोटिस भी जारी किया गया लेकिन पूरी कार्रवाई कागजों में ही सिमट कर रह गई। मनमानी तरीके से मान्यता दिए जाने से परिषदीय स्कूलों में छात्रों की संख्या लगातार कम होता जा रहा है।
Post a Comment