UP Board Exam: 10वीं-12वीं परीक्षाओं का कड़ा अनुशासन! देर से पहुंचे तो सीधे सेंटर से बाहर; 18 फरवरी से UP बोर्ड परीक्षा शुरू
Up board exam 2026: उत्तर प्रदेश के लाखों छात्रों के लिए कल यानी 18 फरवरी का दिन किसी बड़े धर्मयुद्ध से कम नहीं है. UP बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं शुरू हो रही हैं, जो 12 मार्च तक चलेंगी.
इस बार बोर्ड ने न केवल समय के पालन को लेकर सख्ती दिखाई है, बल्कि नकलचियों पर नकेल कसने के लिए 12वीं के छात्रों को हर पेज पर रोल नंबर लिखने का विशेष निर्देश दिया है.
33 प्रतिशत अंकों की दहलीज पार करने की चुनौती और दो शिफ्टों में होने वाला यह महा-इम्तिहान पूरे राज्य में कड़े सुरक्षा घेरे के बीच आयोजित होगा. मोबाइल और स्मार्टवॉच ले जाने की सोच रहे हैं? तो सावधान हो जाइए, क्योंकि एक छोटी सी गलती आपकी पूरी परीक्षा रद्द करवा सकती है. आइए जानते हैं परीक्षा केंद्र जाने से पहले उन जरूरी नियमों को, जो आपके भविष्य के लिए बेहद जरूरी को जो आपके लिए जरूरी है.
समय का ध्यान देना जरूरी
परीक्षा दो शिफ्ट में कराई जाएगी. सुबह की शिफ्ट 8:30 बजे से शुरू होकर 11:45 बजे तक चलेगी. दूसरी शिफ्ट दोपहर 2:00 बजे से शुरू होकर शाम 5:15 बजे तक होगी. छात्रों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा शुरू होने से कम से कम आधा घंटा पहले केंद्र पर पहुंच जाएं. देर से पहुंचने पर एंट्री रोक दी जा सकती है. इसलिए समय का खास ध्यान रखना जरूरी है.
कक्षा 10 और 12 के छात्रों को परीक्षा पास करने के लिए हर विषय में कम से कम 33 प्रतिशत अंक लाना जरूरी है. इसके साथ ही कुल मिलाकर भी 33 प्रतिशत अंक होने चाहिए. हालांकि बोर्ड ने कहा है कि सिर्फ पास होने का लक्ष्य न रखें. अच्छे नंबर लाने की कोशिश करें. इससे आगे की पढ़ाई और करियर में मदद मिलेगी. प्रतिस्पर्धा हर साल बढ़ रही है, इसलिए बेहतर प्रदर्शन करना जरूरी है.
परीक्षा वाले दिन कुछ जरूरी नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा. छात्र अपने साथ एडमिट कार्ड और फोटो पहचान पत्र जरूर लेकर आएं. बिना एडमिट कार्ड के परीक्षा हॉल में प्रवेश नहीं मिलेगा. छात्रों को केवल जरूरी स्टेशनरी ही साथ ले जाने की अनुमति होगी. किसी भी तरह का खाना, किताब, नोटबुक या लिखित सामग्री अंदर ले जाना मना है.
हो सकती है सख्त कार्रवाई
बोर्ड ने इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर भी सख्त रोक लगाई है. मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, कैलकुलेटर या कोई भी डिजिटल डिवाइस परीक्षा हॉल में ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित है. अगर कोई छात्र ऐसा सामान लेकर पकड़ा जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सकती है. इसमें परीक्षा रद्द होने तक की सजा शामिल हो सकती है. इसलिए नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है.
कक्षा 12 के छात्रों के लिए बोर्ड ने खास निर्देश जारी किए हैं. उन्हें अपनी उत्तर पुस्तिका के हर पेज पर रोल नंबर और आंसर बुक नंबर लिखना होगा. इससे नकल रोकने में मदद मिलेगी. परीक्षा केंद्रों पर सख्त निगरानी रखी जाएगी. सरकारी और सहायता प्राप्त स्कूलों के शिक्षकों को ड्यूटी पर लगाया जाएगा. छात्रों को सीटिंग व्यवस्था और निरीक्षक के निर्देशों का पालन करना होगा. किसी से बात करना या सामान शेयर करना गलत माना जाएगा. नियम तोड़ने पर बोर्ड सख्त कार्रवाई करेगा.
Post a Comment