महिला दिवस से पहले छात्राओं को CM Yogi ने दिया ये तोहफा, यूपी के 42 जिलों में सरकारी स्कूलों की बदल जाएगी तस्वीर
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस (आठ मार्च) से पहले सरकारी विद्यालयों में शौचालयों की स्थिति बेहतर होने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बालिकाओं की गरिमा, सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए उन्नाव, कानपुर नगर, रायबरेली, अयोध्या, रामपुर समेत 42 जिलों के सभी सरकारी विद्यालयों में बने शौचालयों को पूर्ण रूप से क्रियाशील बनाने के आदेश दिए हैं।
शनिवार को मुख्य सचिव एसपी गोयल ने इसके लिए तेजी से काम करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि सरकार का जोर छात्राओं के लिए अलग और सुरक्षित शौचालयों की उपलब्धता पर है। आठ मार्च तक सभी विद्यालयों के शौचालय उपयोग योग्य स्थिति में होने चाहिए। केवल निर्माण कार्य पूरा होना पर्याप्त नहीं है, बल्कि स्वच्छता, नियमित सफाई, जल की उपलब्धता, बिजली व्यवस्था आदि भी सुनिश्चित की जाए।
अपलोड करना होगा फोटो
शौचालयों की वास्तविक स्थिति की मानिटरिंग के लिए प्रेरणा पोर्टल पर अनिवार्य रूप से फोटो अपलोड करना होगा। प्रत्येक विद्यालय को शौचालय के अंदर और बाहर की स्पष्ट तस्वीरें अपलोड करनी होंगी। इससे शासन स्तर पर रियल-टाइम मानिटरिंग संभव होगी।
सभी डीएम, मुख्य विकास अधिकारियों और बेसिक शिक्षा अधिकारियों को विशेष अभियान चलाकर विद्यालयों का भौतिक सत्यापन करने के निर्देश दिए गए हैं। जिन विद्यालयों में मरम्मत या जल कनेक्शन की आवश्यकता है, वहां तत्काल कार्य प्रारंभ करने को कहा गया है। तय समय सीमा में काम पूरा न होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
إرسال تعليق