यूपी बोर्ड परीक्षा 2026 से पहले छात्रों को मिलेगा सीधा मार्गदर्शन, 14 फरवरी को अपर मुख्य सचिव का लाइव सेशन
🔴 यूट्यूब लिंक : You Tube Live Link:
लखनऊ। समग्र शिक्षा (माध्यमिक), उत्तर प्रदेश के राज्य परियोजना कार्यालय की ओर से वर्ष 2025-26 में आयोजित होने वाली बोर्ड परीक्षाओं को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए हैं। राज्य परियोजना निदेशक द्वारा जारी पत्र में कक्षा 10 एवं 12 के विद्यार्थियों को परीक्षा से पूर्व आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करने के उद्देश्य से एक राज्य स्तरीय ऑनलाइन सत्र आयोजित करने की जानकारी दी गई है।
पत्र के अनुसार “Session by ACS, Secondary Education on Board Examination, 2026” शीर्षक से यह विशेष सत्र 14 फरवरी 2026 को प्रातः 10:30 बजे यूट्यूब के माध्यम से लाइव प्रसारित किया जाएगा। इस सत्र में बोर्ड परीक्षाओं से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर मार्गदर्शन दिया जाएगा, ताकि छात्र-छात्राएं परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन कर सकें और उनकी शंकाओं का समाधान हो सके।
राज्य स्तर से सभी मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशकों, जिला विद्यालय निरीक्षकों, प्रधानाचार्यों, केंद्र व्यवस्थापकों एवं शिक्षकों की सहभागिता अनिवार्य की गई है। निर्देश दिए गए हैं कि जनपद स्तर पर समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, जिससे अधिक से अधिक विद्यार्थी इस ऑनलाइन सत्र से जुड़ सकें। विद्यालयों को अपने स्तर पर विद्यार्थियों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने के लिए आवश्यक प्रयास करने को कहा गया है।
पत्र में यह भी स्पष्ट किया गया है कि संबंधित अधिकारी इस कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार की व्यवस्था करें और विद्यार्थियों को निर्धारित समय पर लाइव सत्र से जोड़ने की जिम्मेदारी निभाएं। यूट्यूब लाइव लिंक के माध्यम से यह प्रसारण किया जाएगा।
शिक्षा विभाग का मानना है कि इस प्रकार के राज्य स्तरीय मार्गदर्शन सत्र से विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी, समय प्रबंधन, प्रश्नपत्र की समझ और तनाव प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर उपयोगी जानकारी मिलेगी, जिससे बोर्ड परीक्षाओं की गुणवत्ता और परिणामों में सकारात्मक प्रभाव पड़ने की उम्मीद है।
إرسال تعليق