यूपी पंचायत चुनाव की मतदाता सूची अब 15 अप्रैल को प्रकाशित होगी, दूसरी बार अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन का बढ़ा समय
पंचायत चुनाव की मतदाता सूची अब 15 अप्रैल को प्रकाशित होगी, दूसरी बार अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन का बढ़ा समय
26 मई को कार्यकाल पूरा होगा, समय पर चुनाव चुनौती
19 फरवरी 2026
लखनऊ। यूपी में पंचायत चुनाव की अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 15 अप्रैल को होगा। दूसरी बार अंतिम सूची की तिथि बढ़ाई गई है। पहले यह तारीख छह फरवरी से बढ़ाकर 28 मार्च की गई थी। ग्राम पंचायतों का कार्यकाल 26 मई को खत्म हो रहा है।
गुरुवार को राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से अंतिम सूची प्रकाशन का समय बढ़ाए जाने का आदेश जारी कर दिया गया। राज्य निर्वाचन आयुक्त राजप्रताप सिंह की ओर से जारी आदेश के अनुसार अभी तक मतदाता सूची को कंप्यूटरीकृत किए जाने, राज्य मतदाता नंबर जारी करने व मतदेय स्थलों की मैपिंग का कार्य 27 मार्च तक होना था। अब इसे भी बढ़ाकर 13 अप्रैल कर दिया गया है। फिर 15 अप्रैल को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
यूपी की सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर), बोर्ड की परीक्षाएं व अन्य कार्यों में प्रशासनिक मशीनरी के व्यस्त होने और बीएलओ पर कई कार्यों का एक साथ बोझ होने के चलते पंचायत चुनाव सूची की तारीखें दो बार बढ़ाई जा चुकी हैं।
अभी तक पिछड़ा वर्ग आयोग गठन प्रक्रिया भी शुरू नहीं
अभी तक समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग गठन नहीं हो सका है। यह आयोग ओबीसी आरक्षण के लिए ट्रिपल टेस्ट करेगा। ऐसे में कार्यकाल पूरा होने तक चुनाव न होने पर प्रशासक तैनात किए जा सकते हैं। फिर छह माह में पंचायत चुनाव कराया जा सकता है। फिलहाल मई तक चुनाव कराया जाना अब संभव नहीं दिख रहा।
Post a Comment