UP Board Exam 2026: अब नहीं चलेगी मनमानी! एप से दर्ज होंगे प्रैक्टिकल नंबर, CCTV में कैद होगी पूरी परीक्षा

UP Board Exam 2026: अब नहीं चलेगी मनमानी! एप से दर्ज होंगे प्रैक्टिकल नंबर, CCTV में कैद होगी पूरी परीक्षा

UP Board Exam 2026: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) ने यूपी बोर्ड परीक्षा 2026 को ज्यादा ट्रांसपेरेंट और सख्त बनाने के लिए बड़े बदलाव किए हैं। खास तौर पर इंटरमीडिएट की प्रैक्टिकल परीक्षाओं में इस बार मनमानी पर पूरी तरह लगाम लगाने की तैयारी है।

बोर्ड की ओर से जारी निर्देशों के मुताबिक, प्रैक्टिकल परीक्षाएं 24 जनवरी से 9 फरवरी 2026 के बीच कराई जाएंगी और सभी केंद्रों पर कड़ी निगरानी रहेगी।

CCTV की निगरानी में होगी प्रैक्टिकल परीक्षा

यूपी बोर्ड ने साफ किया है कि कक्षा 12वीं की प्रैक्टिकल परीक्षाएं अब सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में ही होंगी। परीक्षा की पूरी रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखनी होगी और जरूरत पड़ने पर बोर्ड को उपलब्ध करानी होगी। बोर्ड सचिव ने सभी प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए हैं कि नकल या किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए कैमरों की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए।


UP Board Exam 2026: एप से दर्ज होंगे प्रैक्टिकल के नंबर

इस बार प्रैक्टिकल परीक्षा के अंक एक खास मोबाइल एप के जरिए दर्ज किए जाएंगे। बोर्ड ने इसके लिए अलग से एप तैयार कराया है, जिसे ड्यूटी पर तैनात परीक्षक अपने मोबाइल में डाउनलोड करेंगे। परीक्षा से पहले परीक्षकों को एप का लिंक और लॉगिन पासवर्ड दिया जाएगा। परीक्षक केवल परीक्षा केंद्र के 200 मीटर के दायरे में रहते हुए ही अंक अपलोड कर सकेंगे। यह एप लोकेशन ट्रैकिंग सिस्टम से जुड़ा होगा और इसी के जरिए शिकायत भी दर्ज की जा सकेगी।

UP Board Exam 2026: दो चरणों में होंगी प्रयोगात्मक परीक्षाएं

बोर्ड ने प्रैक्टिकल परीक्षाओं की तारीखें पहले ही घोषित कर दी हैं। प्रयोगात्मक परीक्षाएं दो चरणों में संपन्न कराई जाएंगी। जिस तरह लिखित परीक्षाओं में सख्ती बरती जाती है, उसी तरह इस बार प्रैक्टिकल परीक्षा पर भी सीसीटीवी से नजर रखी जाएगी ताकि किसी तरह की धांधली न हो सके।

UP Board Exam 2026: कुछ विषयों के अंक ऑनलाइन अपलोड करेंगे प्रधानाचार्य

इंटरमीडिएट में नैतिक शिक्षा, योग, खेल एवं शारीरिक शिक्षा के अंक विद्यालय के प्रधानाचार्य सीधे बोर्ड की वेबसाइट पर ऑनलाइन अपलोड करेंगे। वहीं हाईस्कूल की प्रयोगात्मक परीक्षाएं विद्यालय स्तर पर आंतरिक मूल्यांकन और प्रोजेक्ट कार्य के आधार पर होंगी। हाईस्कूल में भी नैतिक शिक्षा, योग, खेल और शारीरिक शिक्षा के अंक प्रधानाचार्य ऑनलाइन अपलोड करेंगे। बोर्ड ने बताया कि अंक अपलोड करने के लिए वेबसाइट 10 जनवरी 2026 से सक्रिय कर दी जाएगी।

Post a Comment

أحدث أقدم