टीईटी की बाध्यता शिक्षक हित में नहीं, संघ ने किया प्रदर्शन; पीएम- सीएम के नाम सौंपा ज्ञापन Tet for Teachers

टीईटी की बाध्यता शिक्षक हित में नहीं, संघ ने किया प्रदर्शन; पीएम- सीएम के नाम सौंपा ज्ञापन

सोनभद्र जिले के कलेक्ट्रेट परिसर में बुधवार को उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के बैनर तले जिले के शिक्षकों ने विरोध प्रदर्शन किया। अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ के आह्वान पर आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में शिक्षक शामिल हुए।

इस दौरान प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा गया।

जिलाध्यक्ष योगेश पांडेय ने कहा कि शिक्षा का अधिकार अधिनियम लागू होने से पहले नियुक्त शिक्षकों को टीईटी उत्तीर्ण करने की अनिवार्यता नहीं थी, लेकिन हाल ही में गलत तथ्यों के आधार पर इससे संबंधित आदेश जारी किया गया है।

नए निर्देशों में शिक्षक बने रहने के लिए टीईटी उत्तीर्ण करना अनिवार्य किया गया है। इसमें केवल पांच साल की सेवा शेष रहने वालों को छूट दी गई है, जबकि पदोन्नति में उन्हें भी छूट नहीं दी गई है। उन्होंने बताया कि इस आदेश से प्रदेश के करीब आठ लाख शिक्षकों की नौकरी और पदोन्नति पर संकट गहराने लगा है।



संगठन ने मांग की है कि अधिनियम में संशोधन कर शिक्षकों को टीईटी की अनिवार्यता से मुक्त किया जाए। नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर मांग पूरी नहीं हुई तो प्रदेश और राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर शिक्षक समाज बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होगा।

इस मौके पर जिला संरक्षक जय प्रकाश राय, जिला महामंत्री हुकुम चंद्र, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सर्वेश गुप्ता, संयुक्त मंत्री राजेश कुमार जायसवाल, अशोक कुमार सिंह, अभिषेक मिश्रा, अमित कुमार चौबे, चंद्रजीत सिंह, उपाध्यक्ष नवीन गुप्ता, अभिषेक कुमार, राघवेंद्र त्रिपाठी, भोलानाथ अग्रहरि, अरविंद्र चौहान, रविभूषण, संतोष कुमारी आदि शामिल रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post