Bihar Teacher : BPSC एक और भर्ती निकालने के लिए तैयार, बिहार के माध्यमिक स्कूलों को जल्द ही मिलेंगे 11 हजार प्रिंसिपल
राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार के माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों में प्रधानाध्यापकों के 11 हजार 334 खाली पद खाली हैं। इन पर जल्द ही प्रधानाध्यापकों की नियुक्ति होगी। यह नियुक्ति बिहार लोक सेवा आयोग के माध्यम से होगी।
इसके लिए शिक्षा विभाग की ओर से अधियाचना भेजने की तैयारी की जा रही है। अधियाचना भेजने संबंधी प्रस्ताव सामान्य प्रशासन विभाग के माध्यम से भेजा जाएगा। इससे संबंधित प्रस्ताव को विभागीय स्तर पर सहमति दी गई है।
छह हजार पद पुराने
शिक्षा विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, प्रधानाध्यापकों की कुल रिक्तियों में 6 हजार पद पुराने हैं, क्योंकि विभाग ने 6 हजार 421 पदों पर प्रधानाध्यापकों की नियुक्ति के लिए बिहार लोक सेवा आयोग को पूर्व में जो अधियाचना भेजी थी।
उन पदों के विरुद्ध आयोग के माध्यम से 421 पदों पर ही चयनित प्रधानाध्यापकों की नियुक्ति हो पाई थी। इस प्रकार 6 हजार पद खाली रह गए थे।
इसके बाद सरकार ने प्रदेश के 5 हजार 334 उच्च माध्यमिक विद्यालयों में प्रधानाध्यापकों की नियुक्ति के लिए मंत्रिपरिषद से स्वीकृति दी हुई है।
लिखित परीक्षा देनी होगी
इस प्रकार अब कुल 11 हजार 334 पदों के लिए लिखित परीक्षा के आधार पर प्रधानाध्यापकों की नियुक्ति होगी। विशेष बात यह कि उच्च माध्यमिक विद्यालयों में प्रधानाध्यापक संवर्ग का गठन भी होगा।
इसके अलावा राज्य में 29 हजार मध्य विद्यालय हैं। उनमें से जितने में प्रधानाध्यापक के पद रिक्त हैं, उन पदों को चिह्नित किया जा रहा है, जिसके विरुद्ध आयोग के माध्यम से लिखित परीक्षा के आधार पर नियुक्ति होगी।
0 Comments