महराजगंज में TET पास शिक्षकों को ही मिलेगा प्रमोशन, बिना टीईटी वालों का पद रहेगा सुरक्षित
जागरण संवाददाता, महराजगंज। परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों की पदोन्नति को लेकर बेसिक शिक्षा परिषद ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। अब टीईटी उत्तीर्ण शिक्षकों को ही पदोन्नति का अवसर मिलेगा।

जागरण संवाददाता, महराजगंज। परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों की पदोन्नति को लेकर बेसिक शिक्षा परिषद ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। अब टीईटी उत्तीर्ण शिक्षकों को ही पदोन्नति का अवसर मिलेगा।
वहीं, टीईटी उत्तीर्ण नहीं करने वाले शिक्षकों के पद सुरक्षित रखे जाएंगे।

स्पेशल टीईटी परीक्षा का परिणाम आने के बाद उनकी पदोन्नति पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में परिषद के सचिव के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने निर्देश जारी किया है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सुरजीत कुमार सिंह ने बताया कि उच्चतम न्यायालय के एक सितंबर 2025 के आदेश के क्रम में नियुक्ति के साथ पदोन्नति के लिए भी टीईटी उत्तीर्ण होना अनिवार्य किया गया है।
इसके तहत प्राथमिक विद्यालय के सहायक अध्यापक यदि प्राथमिक स्तर की टीईटी उत्तीर्ण हैं तो उन्हें प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक पद पर पदोन्नति दी जाएगी। प्राथमिक और उच्च प्राथमिक दोनों स्तर की टीईटी उत्तीर्ण शिक्षकों को प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक अथवा उच्च प्राथमिक विद्यालय के सहायक अध्यापक पद पर पदोन्नति मिल सकेगी।
वहीं, उच्च प्राथमिक स्तर की टीईटी उत्तीर्ण उच्च प्राथमिक विद्यालय के सहायक अध्यापक और प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक को उच्च प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक पद पर पदोन्नति दी जाएगी। उन्होंने बताया कि बिना टीईटी उत्तीर्ण शिक्षकों के नाम वरिष्ठता सूची में शामिल रहेंगे, लेकिन उनका पद सुरक्षित रखा जाएगा।
स्पेशल टीईटी का परिणाम आने के बाद समिति के माध्यम से आगे की प्रक्रिया पूरी होगी। परिषद ने अंतिम वरिष्ठता सूची प्रकाशित कर नियमानुसार पदोन्नति की कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
Post a Comment