स्कूलों में डिजिटल पढ़ाई को प्रभावी बनाने में मदद करेगी "उत्तर प्रदेश डिजिटल कौशल मार्गदर्शिका", ICT व डिजिटल पहल पर शिक्षकों को दिया जाएगा प्रशिक्षण
स्कूलों में डिजिटल पढ़ाई को प्रभावी बनाने में मदद करेगी "उत्तर प्रदेश डिजिटल कौशल मार्गदर्शिका", ICT व डिजिटल पहल पर शिक्षकों को दिया जाएगा प्रशिक्षण
लखनऊ। प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में डिजिटल शिक्षा को प्रभावी बनाने और शिक्षण प्रक्रिया को तकनीक से जोड़ने के क्रम में समग्र शिक्षा की ओर से ब्लॉक स्तरीय शिक्षक प्रशिक्षण के लिए उत्तर प्रदेश डिजिटल कौशल मार्गदर्शिका तैयार की गई है। इससे शिक्षकों को डिजिटल संसाधनों का उद्देश्यपूर्ण प्रयोग करने और छात्रों की जरूरत के अनुसार शैक्षिक सहयोग उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
मार्गदर्शिका से शिक्षकों को विद्यालयों में उपलब्ध स्मार्ट क्लास, आईसीटी लैब और डिजिटल पुस्तकालय के उपकरणों की पहचान, संचालन, शैक्षिक सामग्री तक पहुंच और कक्षा शिक्षण में उनके प्रभावी प्रयोग की जानकारी दी जाएगी।
मार्गदर्शिका में इंटरैक्टिव फ्लैट पैनल, ओपीएस, यूपीएस, डेस्कटॉप, वाई-फाई राउटर, प्रिंटर, वेब कैमरा और अन्य उपकरणों के प्रयोग की जानकारी दी गई है। शिक्षकों को उपकरणों को चालू करने और बंद करने का सही क्रम समझाया जाएगा।
शिक्षक एलएमएस और दीक्षा के माध्यम से कक्षा एवं विषयवार शिक्षण सामग्री तक पहुंच सकेंगे। इसके अतिरिक्त पीएम ई-विद्या और खान एकेडमी जैसे डिजिटल मंचों के उपयोग की जानकारी भी दी गई है।
दीक्षा पर कक्षा 1 से 8 तक की 82 एनर्जाइज्ड पाठ्यपुस्तकों और 16 हजार से अधिक शैक्षिक वीडियो उपलब्ध होने का उल्लेख है। शिक्षक पाठ्यपुस्तकों के क्यूआर कोड स्कैन कर संबंधित वीडियो और गतिविधियों को कक्षा में प्रदर्शित कर सकेंगे।
वहीं डिजिटल लाइब्रेरी में 5000 से अधिक ई-पुस्तकों, समाचार-पत्रों एवं पत्रिकाओं के ई-संस्करण और ऑडियो बुक की सुविधा उपलब्ध है। इससे शिक्षक कक्षा में पढ़ाए जा रहे पाठ्यक्रम के आधार पर बच्चों का आकलन कर सकेंगे। किसी विषय अथवा टॉपिक को समझने में बच्चों को हो रही कठिनाई की पहचान कर आवश्यकतानुसार रेमेडियल कैचअप कंटेंट से उसे दूर किया जा सकेगा।
Post a Comment