नॉन-टीईटी को भर्ती में शामिल करने के खिलाफ हाईकोर्ट पहुंचे अभ्यर्थी

नॉन-टीईटी को भर्ती में शामिल करने के खिलाफ हाईकोर्ट पहुंचे अभ्यर्थी

Prayagraj News: प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में प्रशिक्षित स्नातक (टीजीटी या सहायक अध्यापक) की भर्ती में बगैर टीईटी पास अभ्यर्थियों को शामिल करने का विरोध शुरू हो गया है।

टीईटी पास अभ्यर्थियों ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर नॉन-टीईटी आवेदकों को भर्ती प्रक्रिया से बाहर करने की गुहार लगाई है। विरोध करने वालों का तर्क है कि बिना किसी वैधानिक शक्ति के माध्यमिक शिक्षा विभाग व उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने नॉन-टीईटी अभ्यर्थियों को टीजीटी 2026 की भर्ती प्रक्रिया में शामिल कर लिया है। जबकि टीईटी की अनिवार्य योग्यता में ढील देने की वैधानिक शक्ति केवल राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (एनसीटीई) के पास है और एनसीटीई ने 12 नवंबर 2014 की अधिसूचना में स्पष्ट कर दिया था कि (कक्षा एक से आठ) तक के अध्यापकों की नियुक्ति के लिए न्यूनतम योग्यताओं के संबंध में कोई ढील नहीं दी जाएगी। टीईटी की अनिवार्य योग्यता आरटीई अधिनियम, 2009 के प्रावधानों के अनुसार निर्धारित की गई थी, जिसे सर्वोच्च न्यायालय ने एक सितंबर 2025 को अंजुमन इशात-ए-तालीम ट्रस्ट बनाम महाराष्ट्र सरकार एवं अन्य में पारित आदेश में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अधिकार से उत्पन्न एक संवैधानिक आवश्यकता बताया है।


टीईटी अनिवार्यता में छूट पर विवाद

संवैधानिक आवश्यकता में ढील देने का अधिकार और वैधानिक शक्ति आयोग और माध्यमिक शिक्षा विभाग के पास नहीं है। लिहाजा बिना किसी वैधानिक शक्ति के नॉन-टीईटी अभ्यर्थियों को 30 जून 2027 तक संबंधित पद के लिए निर्धारित टीईटी पास करने की छूट दे दी गई है जो कि वैधानिक तौर पर शून्य और अवैध है।

समानता के अधिकार के उल्लंघन का आरोप

'मनमानी संविधान के समानता के अधिकार का उल्लंघन'

विरोधियों का कहना है कि यह मनमानी संविधान के समानता का अधिकार का उल्लंघन है, एक चयन प्रक्रिया में दो असमान शैक्षिक स्तर (टीईटी पास व नॉन-टीईटी) के अभ्यर्थियों को अवसर नहीं दिया जा सकता है। वैधानिक दृष्टि से चयन आयोग को पहले यूपीटीईटी कराना चाहिए था। उसके बाद विज्ञापन जारी करते हुए केवल टीईटी पास अभ्यर्थियों को ही टीजीटी की आवेदन प्रक्रिया में शामिल करना चाहिए था। भर्ती की जल्दबाजी में विधिक प्रावधानों को दरकिनार कर दिया गया, जिससे वैधानिक संकट खड़ा हो गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post