यूपी ड्राफ्ट मतदाता सूची आज होगी जारी, 13.56 करोड़ वोटरों के नाम होंगे शामिल; 4 जनवरी 2027 को आएगी फाइनल लिस्ट

यूपी ड्राफ्ट मतदाता सूची आज होगी जारी, 13.56 करोड़ वोटरों के नाम होंगे शामिल; 4 जनवरी 2027 को आएगी फाइनल लिस्ट

यूपी ड्राफ्ट मतदाता सूची आज होगी जारी, 13.56 करोड़ वोटरों के नाम होंगे शामिल; 4 जनवरी 2027 को आएगी फाइनल लिस्ट

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) किया जा रहा है। मंगलवार को प्रदेश की ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी की जाएगी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ड्राफ्ट सूची जारी कर मतदाताओं से जुड़े आंकड़े प्रस्तुत करेंगे।

जानकारी के अनुसार, ड्राफ्ट मतदाता सूची में करीब 13.56 करोड़ मतदाताओं के नाम शामिल होंगे। इससे पहले 10 अप्रैल को जारी विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की अंतिम मतदाता सूची में 13.39 करोड़ मतदाता थे। इस प्रकार पिछले सात महीनों में करीब 17 लाख मतदाताओं की संख्या बढ़ी है।

16 दिसंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावे और आपत्तियां

ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी होने के बाद मतदाताओं को अपने नाम की जांच करने और त्रुटियों को ठीक कराने का अवसर मिलेगा।

  • 17 से 20 नवंबर: सभी बूथों पर टेबल टॉप एक्सरसाइज

  • 17 नवंबर: ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी

  • 16 दिसंबर 2026: दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तिथि

  • 28 दिसंबर 2026: दावे और आपत्तियों का निस्तारण

  • 4 जनवरी 2027: अंतिम मतदाता सूची जारी

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बीएलओ और बीएलओ सुपरवाइजर को मतदाता सूची की गहन जांच करने तथा सभी त्रुटियों को चिह्नित करने के निर्देश दिए हैं। शनिवार और रविवार को विशेष अभियान चलाकर नए मतदाताओं के नाम भी जोड़े जाएंगे।

पंचायत और नगरीय निकाय की सूची में 16.90 करोड़ मतदाता

जानकारी के अनुसार, पंचायत और नगर निकाय की मतदाता सूची में कुल मिलाकर करीब 16.90 करोड़ मतदाता दर्ज हैं, जबकि विधानसभा की मतदाता सूची में लगभग 13.56 करोड़ वोटर हैं। दोनों आंकड़ों में करीब 3.34 करोड़ का अंतर है। इस अंतर को देखते हुए मतदाता सूची में नाम जोड़ने और संशोधन के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।

संवेदनशील बूथों की पहचान के निर्देश

विधानसभा चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने प्रदेश के पुलिस आयुक्तों, जिला निर्वाचन अधिकारियों, एसएसपी और एसपी को क्रिटिकल मतदान केंद्रों की पहचान और वल्नरेबिलिटी मैपिंग शुरू करने के निर्देश दिए हैं।

निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों के अनुसार ऐसे मतदान केंद्रों को संवेदनशील श्रेणी में रखा जाएगा, जहां:

  1. पिछले चुनाव में 90 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ हो और 75 प्रतिशत से अधिक वोट किसी एक प्रत्याशी को मिले हों।

  2. मतदान प्रतिशत 10 प्रतिशत से कम रहा हो।

  3. पिछले लोकसभा या विधानसभा चुनाव में पुनर्मतदान की स्थिति बनी हो।

  4. मतदान प्रक्रिया में अनियमितता या बूथ कैप्चरिंग जैसी घटनाएं हुई हों।

  5. अनुपस्थित, स्थानांतरित और मृतक मतदाताओं का प्रतिशत विधानसभा क्षेत्र के औसत से अधिक हो।

  6. संबंधित क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की असामान्य स्थिति रही हो।

  7. क्षेत्र में वल्नरेबल पॉकेट या संवेदनशील इलाके मौजूद हों।

मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने पर जोर

निर्वाचन आयोग का लक्ष्य विधानसभा चुनाव से पहले शुद्ध और पारदर्शी मतदाता सूची तैयार करना है। सभी जिलों में ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी की जाएगी और इसे बीएलओ के साथ राजनीतिक दलों को भी उपलब्ध कराया जाएगा।

मतदाताओं को सलाह है कि ड्राफ्ट सूची जारी होने के बाद अपना नाम, पता और अन्य विवरण अवश्य जांच लें। किसी भी प्रकार की गलती होने पर निर्धारित समय सीमा के भीतर दावा या आपत्ति दर्ज कराएं।

Post a Comment

Previous Post Next Post