यूपी में सरकारी कर्मचारियों के लिए एक और फरमान, सभी श्रेणियों पर लागू होगी नई व्यवस्था, समस सीमा तय
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। राज्य कर्मचारियों के लिए अब वार्षिक गोपनीय रिपोर्ट (एसीआर) पूरी तरह समयबद्ध और ऑनलाइन कर दी गई है। नियुक्ति एवं कार्मिक विभाग ने इसके लिए स्पष्ट समय सीमा तय कर दी है, जिसके तहत सभी श्रेणी के कर्मचारियों को मानव संपदा पोर्टल पर ही प्रविष्टियां भरनी होंगी।
प्रमुख सचिव एम. देवराज की ओर से जारी शासनादेश के अनुसार समूह 'क' और 'ख' के अधिकारियों के साथ ही समूह 'ग' और 'घ' के कर्मचारियों की प्रविष्टियां भी ऑनलाइन दर्ज की जाएंगी। हर स्तर पर तय समय सीमा का पालन अनिवार्य होगा।
नई व्यवस्था के तहत 30 अप्रैल तक वर्कफ्लो जनरेट किया जाएगा। समूह 'क', 'ख' और 'ग' के अधिकारी-कर्मचारी 31 मई तक पोर्टल पर स्वयं-मूल्यांकन भरेंगे, जबकि समूह 'घ' के कर्मचारियों के लिए स्वयं-मूल्यांकन नहीं होगा और उनकी प्रविष्टि नियंत्रक अधिकारी द्वारा की जाएगी।
इसके बाद 31 जुलाई तक प्रतिवेदक, 30 सितंबर तक समीक्षक और 31 दिसंबर तक स्वीकर्ता प्राधिकारी अपनी टिप्पणियां दर्ज करेंगे। 31 दिसंबर तक ही वार्षिक प्रविष्टियों का समय होगा। प्रतिकूल प्रविष्टियों के खिलाफ 15 फरवरी तक प्रत्यावेदन और 31 मार्च तक उसका निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।
शासनादेश में ई-साइन और मोबाइल ओटीपी आधारित हस्ताक्षर प्रणाली को अनिवार्य किया गया है। यदि तय समयसीमा में कोई स्तर प्रक्रिया पूरी नहीं करता है, तो प्रविष्टि अपने आप अगले स्तर पर फारवर्ड हो जाएगी।
वहीं, अंतिम समय सीमा के बाद पूरी प्रक्रिया अपने आप बंद मानी जाएगी। पीसीएस अधिकारियों के लिए वार्षिक प्रविष्टि भरने की प्रक्रिया पहले की तरह स्पैरो पोर्टल के माध्यम से ही जारी रहेगी।
Post a Comment