UP Board Compartment Exam 2026 : कंपार्टमेंट परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का डिजिटल मूल्यांकन कराएगा यूपी बोर्ड

UP Board Compartment Exam 2026 : कंपार्टमेंट परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का डिजिटल मूल्यांकन कराएगा यूपी बोर्ड

अवधेश पाण्डेय, जागरण, प्रयागराज। UP Board Compartment Exam 2026 उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा-2026 की कंपार्टमेंट परीक्षा को लेकर महत्वपूर्ण बदलाव कर रहा है।


इस बार कंपार्टमेंट परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन डिजिटल माध्यम से कराए जाने की योजना यूपी बोर्ड सचिव भगवती सिंह ने तैयार की है। इस नई व्यवस्था से मूल्यांकन प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, तेज और त्रुटिरहित तो होगी ही, साथ ही परीक्षाफल भी तेजी से तैयार कराकर घोषित किया जा सकेगा।

UP Board Compartment Exam 2026 कंपार्टमेंट परीक्षा के अंतर्गत परीक्षार्थी हाईस्कूल में अनुत्तीर्ण हुए दो विषयों में से किसी एक विषय में तथा इंप्रूवमेंट परीक्षा के अंतर्गत अनुत्तीर्ण हुए एक विषय में ही परीक्षा में सम्मिलित हो सकते हैं। इंटरमीडिएट कंपार्टमेंट परीक्षा के लिए मानविकी, विज्ञान (वैज्ञानिक) एवं वाणिज्य वर्ग से सम्मिलित परीक्षार्थी किसी एक विषय में, कृषि भाग-1 एवं भाग-2 में निर्धारित विषयों में से किसी एक प्रश्नपत्र में तथा व्यावसायिक वर्ग के ट्रेड विषय के किसी एक प्रश्नपत्र में अनुत्तीर्ण परीक्षार्थी ही अर्ह माने जाते हैं।

UP Board Compartment Exam 2026 अब तक इन उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन पारंपरिक तरीके से यानी किसी अन्य जिले में भेजकर आफलाइन माध्यम से किया जाता है। इस प्रक्रिया में अधिक समय लगने के साथ त्रुटियों की संभावना भी बनी रहती थी। नई व्यवस्था के तहत उत्तर पुस्तिकाओं को निर्धारित एजेंसी के माध्यम से स्कैन कराया जाएगा। इसके बाद इन स्कैन कापियों को आनलाइन प्लेटफार्म पर अपलोड कर परीक्षकों को मूल्यांकन के लिए उपलब्ध कराया जाएगा।

परीक्षक आनलाइन अंक प्रदान करेंगे, जिससे प्रक्रिया में तेजी आएगी और परिणाम जल्द घोषित किए जा सकेंगे। यूपी बोर्ड ने इस दिशा में पहल करते हुए मुख्य परीक्षा के मूल्यांकन में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में पांच जिलों प्रयागराज, मेरठ, बरेली, वाराणसी एवं गोरखपुर में पारंपरिक व्यवस्था के साथ ही परिषद के पोर्टल पर आनलाइन भी अंक अपलोड कराए थे। अब कंपार्टमेंट परीक्षा में डिजिटल माध्यम से मूल्यांकन कराए जाने के बाद वर्ष 2027 की परीक्षा में इस व्यवस्था को लागू करने पर निर्णय लिया जा सकता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post