CM योगी के आदेश के बाद भी सरकारी कर्मचारियों को अब तक नहीं मिला वेतन, व्यवस्था पर उठाए सवाल
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के होली त्योहार को देखते हुए फरवरी माह का वेतन फरवरी में ही जारी करने के स्पष्ट आदेश के बावजूद प्रदेश के कर्मचारियों को वेतन व पेंशन खातों में नहीं पहुंच सकी है।
अब दो से चार मार्च तक सार्वजनिक अवकाश है। वेतन न मिलने पर विभिन्न कर्मचारी व शिक्षक संगठनों ने नाराजगी जताई है।
मुख्यमंत्री के आदेश पर वित्त विभाग ने 25 फरवरी को सभी विभागों को होली के कारण नियत तिथि से पूर्व वेतन भुगतान के निर्देश दिए थे।
विशेष सचिव महेन्द्र कुमार भट्ट की ओर से जारी शासनादेश में स्पष्ट कहा गया था कि एक मार्च को सामान्य अवकाश तथा दो मार्च को होलिका दहन के त्योहार का सार्वजनिक अवकाश होने के कारण सभी राज्य कर्मचारियों व सहायता प्राप्त शिक्षण एवं प्राविधिक शिक्षण संस्थाओं, शहरी स्थानीय निकायों तथा कार्यप्रभारित कर्मचारियों को वेतन एवं उत्तर प्रदेश के कोषागारों से पेंशन प्राप्त करने वाले पेंशनरों/पारिवारिक पेंशनरों को माह फरवरी, का वेतन एवं पेंशन/पारिवारिक पेंशन का भुगतान 28 फरवरी को किया जाए।
इसके बावजूद एक मार्च की रात तक कर्मचारियों को वेतन नहीं मिल सका। सरकार की घोषणा के बावजूद वेतन व पेंशन का भुगतान न होने से कर्मचारियों और पेंशनर्स में नाराजगी है।
उत्तर प्रदेश सचिवालय संघ के अध्यक्ष अर्जुन देव भारती ने मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव को पत्र लिखकर वेतन व पेंशन तत्काल जारी करवाने के लिए कहा है।
उत्तर प्रदेश राज्य कर्मचारी महासंघ ने भी इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए तत्काल भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की है। उत्तर प्रदेश बीटीसी शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष अनिल यादव ने कहा कि प्रदेश के लाखों कर्मचारी, शिक्षक और पेंशनर होली से पहले भुगतान न मिलने से मायूस हैं।
Post a Comment