यूपी बोर्ड परीक्षा में बिना ID Card के ड्यूटी नहीं कर सकेंगे इनविजिलेटर, ऑनलाइन जारी होगा परिचय पत्र
जागरण संवाददाता, मीरजापुर। यूपी बोर्ड परीक्षा में परिचय पत्र के बिना कक्ष निरीक्षक ड्यूटी नहीं कर सकेंगे। सभी कक्ष निरीक्षकों को बोर्ड के द्वारा ऑनलाइन परिचय पत्र जारी किया गया है।
किसी प्रकार की समस्या होने पर मौके पर आफलाइन परिचय पत्र भी बनाया जाएगा।
जनपद के 115 परीक्षा केंद्रों पर 3460 कक्ष निरीक्षकों को लगाया गया है। इसमें से लगभग 1400 बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षक हैं। सूचितापूर्ण व पारदर्शी तरीके से परीक्षा कराने के लिए व्यवस्था की गई है।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की वर्ष 2026 की परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू हो रही हैं, जो 12 मार्च तक चलेंगी। कक्ष निरीक्षकों के लिए यूपी बोर्ड से आनलाइन परिचय पत्र जरुरी है। इसके बिना कक्ष निरीक्षक ड्यूटी नहीं कर सकेंगे।
केंद्रों पर होगी CCTV की निगरानी
जिला विद्यालय निरीक्षक माया राम के अनुसार जनपद में सात राजकीय, 48 अशासकीय व 60 वित्तविहीन विद्यालयों सहित 115 परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में परीक्षा होगी। जिले के 115 केंद्रों पर 71,902 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं।
हाईस्कूल में 37,707 तथा इंटरमीडिएट में 34,195 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। जनपद में 12 परीक्षा केंद्र संवेदनशील की श्रेणी में हैं। पहली पाली की परीक्षा सुबह 8.30 से 11.45 बजे तक तथा दूसरी पाली में दोपहर दो से शाम 5.15 बजे तक होगी।
प्रवेश पत्र न मिले तो कंट्रोल रूम में करें फोन
यूपी बोर्ड परीक्षा में शामिल हो रहे किसी परीक्षार्थी को प्रवेश पत्र विद्यालय से नहीं मिला है तो, परेशान न हो। अविलंब राजकीय इंटर कालेज में बने कंट्रोल रूम व ऑनलाइन मॉनिटरिंग सेल में फोन करें। प्रभारी राम प्रताप सिंह 7459081635, योगेश कुमार 7269006464 व विकास कुमार 9795172467 पर फोन करके सूचना दे सकते हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक माया राम ने बताया कि संबंधित विद्यालय से संपर्क करके अविलंब दिलाया जाएगा। साथ ही विद्यालयों को निर्देश दिया कि किसी भी परीक्षार्थी का प्रवेश पत्र न रोकें। अन्यथा प्रवेश पत्र के अभाव में परीक्षा से वंचित होने पर संबंधित विद्यालय के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
Post a Comment