बोर्ड परीक्षा: एआई कैमरों से होगी ऑनलाइन मॉनिटरिंग
जिले में हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाओं को पारदर्शी, नकलविहीन और सुचारु ढंग से संपन्न कराने के लिए परिषद की ओर से इस बार कड़ी और अत्याधुनिक निगरानी व्यवस्था लागू की जा रही है।
परीक्षा के दौरान जिले के सभी परीक्षा केंद्र पूरी तरह ऑनलाइन रहेंगे और उनकी निगरानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) कैमरों से की जाएगी। सभी परीक्षा केंद्र जिला स्तरीय कंट्रोल रूम से जुड़ी रहेगी, जहां से हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी। बोर्ड परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू होंगी। जिले में 77 परीक्षा केंद्रों पर हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के 51 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए मुख्य गेट से लेकर परीक्षा कक्ष तक सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।
हर केंद्र पर प्रवेश द्वार, बरामदे, स्ट्रांग रूम और परीक्षा कक्षों में कैमरे सक्रिय रहेंगे, ताकि किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि को तुरंत पकड़ा जा सके। बोर्ड की ओर से तकनीकी संसाधनों का उपयोग करते हुए निगरानी व्यवस्था को मजबूत किया गया है। एआई कैमरे संदिग्ध गतिविधियों को स्वतः चिन्हित कर कंट्रोल रूम को अलर्ट भेजेंगे। इससे नकल, अनुशासनहीनता और बाहरी व अनाधिकृत प्रवेश पर प्रभावी अंकुश लगेगा। कंट्रोल रूम में तैनात अधिकारी और तकनीकी विशेषज्ञ रियल टाइम मॉनिटरिंग करेंगे और जरूरत पड़ने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। जिला विद्यालय निरीक्षक सर्वेश कुमार ने बताया कि सभी केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए हैं कि सभी कैमरे, इंटरनेट कनेक्टिविटी और बिजली आपूर्ति पहले से जांच लें। किसी भी तकनीकी खराबी की स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था करने के भी निर्देश भी दिए गए हैं।
Post a Comment