प्रयागराज के आश्रम पद्धति विद्यालयों में प्रवेश शुरू है, सीटों की जानकारी और आवेदन प्रक्रिया के बारे में यहां जानें
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। अगले शैक्षिक सत्र के लिए जनपद के सभी चार आश्रम पद्धति के विद्यालयों में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हो गई है। कक्षा छह से नौ तक कक्षाओं की 421 सीटों पर विद्यार्थियों के दाखिले लिए जाएंगे।
इसमें 257 सीटें एससी-एसटी, 94 सीटें ओबीसी और 70 सीटें सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित की गई हैं। अभिभावकों की सहूलियत के लिए आनलाइन आवेदन की सुविधा भी दी गई है।
जिले में कहां-कहां हैं आश्रम पद्धति विद्यालय
समाज कल्याण विभाग की ओर से कोरांव, सुरवल सहनी, खांई करछना में जय प्रकाश नारायण सर्वोदय (आश्रम पद्धति) विद्यालय और कौड़िहार में जय प्रकाश नारायण सर्वोदय बालिका विद्यालय संचालित किया जा रहा है। इनमें शिक्षा सत्र 2026-27 के लिए कक्षा छह, सात, आठ और कक्षा नौ में 421 सीटों पर दाखिले होने हैं।
20 फरवरी तक कर सकते हैं आवेदन
आश्रम पद्धति के स्कूलों में 85 फीसद सीटों पर ग्रामीण और 15 फीसदी सीटों पर शहरी क्षेत्र के बच्चों को प्रवेश मिलेगा। इन पर प्रवेश के लिए 20 फरवरी तक आवेदन लिए जाएंगे। आफलाइन आवेदन के लिए संबंधित विद्यालयों से आवेदन पत्र दिए जाएंगे और जमा होंगे। इसके अलावा विभाग की वेबसाइट ats.upsdc.gov.in up पर भी आवेदन होंगे।
प्रवेश परीक्षा 25 फरवरी को होगी
आवेदनों के परीक्षण के बाद 25 फरवरी को प्रवेश परीक्षा के लिए पात्र अभ्यर्थियों की सूची जारी की जाएगी। 15 मार्च को प्रवेश परीक्षा होगी। इसमें सफल होने वाले विद्यार्थियों की सूची 23 मार्च को प्रकाशित की जाएगी।
आश्रम पद्धति विद्यालयों में आरक्षित हुई सीटें
विद्यालय कुल सीटें एससी एसटी ओबीसी सामान्य
आश्रम पद्धति विद्यालय कोरांव 109 65 28 16
आश्रम पद्धति विद्यालय सुरवल सहनी 91 66 13 12
आश्रम पद्धति विद्यालय खांई करछना 121 59 34 28
आश्रम पद्धति विद्यालय कौड़िहार 100 67 19 14
पात्र विद्यार्थियों का होगा चयन
जिला समाज कल्याण अधिकारी रामशंकर पटेल का कहना है कि आश्रम पद्धति विद्यालयों में प्रवेश के लिए आवेदन लिए जा रहे हैं। प्रवेश परीक्षा के माध्यम से दाखिले होंगे। 23 मार्च तक सारी प्रक्रिया पूरी कर पात्र विद्यार्थियों का चयन कर लिया जाएगा।
Post a Comment