प्लास्टिक से दूर रहने के संकल्प के साथ मनाएंगे पर्यावरण दिवस पूरे सूबे के लिए दिशा निर्देश जारी
World Environment Day
लखनऊ। प्रदेश सरकार ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर बड़ी पहल की है। सीएम योगी आदित्यनाथ के आह्वान पर स्कूली बच्चों से लेकर युवा तक सभी - प्लास्टिक से दूर रहने और पर्यावरण की रक्षा का संकल्प लेंगे।
5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस पर विविध कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनाया जाएगा। पर्यावरण निदेशालय ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। पर्यावरण निदेशक ने इस संबंध में जिलाधिकारियों को पत्र भेजा है।
इस बार विश्व पर्यावरण दिवस प्लास्टिक प्रदूषण को खत्म करने, प्लास्टिक व इससे बने सामानों का उपयोग को कम करने के उद्देश्य से मनाया जाएगा। पूरे प्रदेश में जागरूकता कार्यक्रम होंगे। एंडिंग प्लास्टिक ग्लोबली थीम पर नुक्कड़ नाटक, भाषण व चित्रकला प्रतियोगिताएं होंगी।
कार्यक्रमों में स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ इस क्षेत्र में कार्य करने वाले विशेषज्ञ भी शामिल होंगे। विभाग की तरफ से रीजनल साइंस सेंटर, अलीगंज लखनऊ में मुख्य आयोजन होगा।
इस मुहिम का फेस स्कूली बच्चों को बनाया जाएगा। उनके लिए प्रकृति को लेकर विभिन्न विषयों पर नुक्कड़ नाटक होंगे। इनमें दिखाया जाएगा कि प्लास्टिक का कचरा कैसे नदियों को खत्म कर रहा है। भाषण प्रतियोगिता में बच्चे बताएंगे कि प्लास्टिक का उपयोग कैसे न्यूनतम किया जाए।
चित्रकला प्रतियोगिता में बच्चे पर्यावरण से संबंधित अपने मनोभाव को पेंटिंग के जरिये उकरेंगे। पर्यावरण निदेशक सुशांत शर्मा बताते हैं कि पर्यावरण दिवस पर युवाओं, बच्चों व जन-जन को सिंगल यूज प्लास्टिक के खतरों को बताने के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा। साथ ही पौधे लगाने और उन्हें संरक्षित के लिए भी बच्चों का आह्वान किया जाएगा।
0 Comments